लोहाघाट (चंपावत)। लोनिवि के एई के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास के आरोपी जिपं अध्यक्ष के पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अभियंता एकजुट हो गए हैं। उन्होंने कार्य बहिष्कार कर आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई के लिए प्रदर्शन किया और एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, प्रांतीय अभियंत्रण सेवा संघ, उत्तराखंड मिनिस्टीरियल संघ, उत्तराखंड चतुर्थ श्रेणी संघ, एनएच आदि के अभियंताओं, कर्मचारियों ने एई शिवाकर चौरसिया के साथ जिपं अध्यक्ष के पति ठेकेदार प्रकाश राय की ओर से लोनिवि परिसर में घुसकर मारपीट करने और उन्हें अगवा करने के प्रयास करने की घटना की निंदा की।
कर्मचारियों ने दिनभर कार्य बहिष्कार कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। कहा कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोनिवि के ईई संजय चौहान की अध्यक्षता में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के कुमाऊं मंडल उपाध्यक्ष एई राजेंद्र गिरि ने संचालन किया। वहां मिनिस्टीरियल संघ के प्रांतीय महामंत्री आनंद पुजारी, उत्तराखंड लोनिवि नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष हरीश चंद्र तिवारी, एई शिवाकर चौरसिया, तुला राम, ब्रजेंद ठाकुर, राजेंद्र जोशी, हेम चंद्र जोशी, नवीन टम्टा, एनसी पांडेय आदि रहे।
बाक्स
अभियंताओं पर रिश्वत लेने और मारपीट का लगाया आरोप
लोहाघाट (चंपावत)। जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और लोनिवि के ठेकेदार प्रकाश राय ने लोनिवि के अभियंताओं पर उनके साथ मारपीट करने और रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। ठेकेदार राय ने आरोप लगाया कि एई शिवाकर चौरसिया के बुलाने पर वह चार जुलाई देर शाम लोनिवि कार्यालय परिसर में पहुंचे तो वहां एई चौरसिया और राजेंद्र गिरि नशे की हालत में थे और उनसे रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने में असमर्थता जताने पर दोनों अभियंताओं ने उनके साथ मारपीट, गालीगलौज की। दोनों अभियंताओं ने उन पर जो आरोप लगाए हैं वह निराधार हैं। ठेकेदार राय का कहना है कि अभियंताओं की तहरीर पर पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर दिया है लेकिन उनकी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इधर, थाना प्रभारी मनीष खत्री ने बताया कि प्रकाश राय की ओर से तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद
लोनिवि कर्मचारियों ने किया विरोध, प्रदर्शन
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। चंपावत के जिला पंचायत अध्यक्ष के पति की ओर से लोहाघाट लोनिवि के एई के साथ मारपीट करने के विरोध में अभियंताओं और कर्मचारियों ने काली पट्टी बांध कर विरोध किया। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहां एई संजीव भट्ट, कांताप्रसाद गंगवार, अनिल कनौजिया, नितिन परिहार, संगीता धानिक, चंद्र सिंह रौतेला, सुशीला आर्या, केशर सिंह धामी आदि मौजूद रहे। संवाद