टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर से चोपन होकर बरवाडीह तक चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन (त्रिवेणी एक्सप्रेस) अब नहीं चलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे ने इस एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को स्थायी रूप से रद्द कर दिया है। इसके लिए पर्याप्त यात्री न मिलने का हवाला दिया गया है।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क विभाग ने इसकी पुष्टि की है। रेलवे के इस फैसले ने पूर्वांचल को जाने वाले यात्रियों और मां पूर्णागिरि के दर्शन को आने वाले यात्रियों को निराश किया है। इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग ने टनकपुर-चोपन-बरवाडीह के बीच चलने वाली 15078, 15077 लिंक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन स्थायी रूप से बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते पर्याप्त यात्री न मिलने पर रेलवे ने इस एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन स्थायी रूप से बंद कर दिया है। संवाद