चंपावत। जिले के पाल बिलौना क्षेत्र के लोगों को जल्द स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत पीएचसी भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। इसके बाद हस्तांतरण की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत अमोड़ी में पीएचसी भवन का काम मंडी परिषद ने 2.18 करोड़ रुपये से कर रहा है। पीएचसी भवन में बिजली कलेक्शन लगाया जाना है। पीएचसी संचालन के बाद कोट अमोड़ी, छतकोट, बेलखेत, दियूरी, चल्थी, नौलापानी, झालाकूड़ी, पंचनीय, दूधौरी आदि कई गांव की करीब 10 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। वर्तमान में क्षेत्र के लोग इलाज के लिए 29 किमी दूर चंपावत या फिर 46 किमी दूर टनकपुर जाते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2022 में अमोड़ी में पीएचसी की घोषणा की थी। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि पीएचसी भवन का काम अंतिम चरण में है। तीसरे पक्ष के निरीक्षण के बाद हस्तांतरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीएचसी के लिए जरूरी सामान और उपकरण के साथ ही स्टाफ की भी मांग शासन से की गई है। जरूरी जांचें भी यहां हो सकेंगी। इसका संचालन होने से बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।