चंपावत। जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में प्रतिदिन बारिश हो रही है। बारिश के साथ मलबा आने से शुक्रवार की देर शाम अमोड़ी-खटोली मार्ग पचनई के पास बंद हो गया। पीएमजीएसवाई की ओर से शनिवार सुबह मलबे को हटा कर मार्ग यातायात के लिए खोल दिया गया।
वहीं, प्रतिदिन हो रही बारिश से आलू किसानों के चेहरे खिले हैं। बता दें कि आलू की खेती चंपावत जिले के किसानों की आजीविका का प्रमुख साधन है तथा यहां बड़े पैमाने पर आलू की खेती की जाती है। बीते एक सप्ताह से हो रही बारिश के बाद मुडियानी, फुलारागांव, चौकी, सिमल्टा, बाजरीकोट, सिंलिंगटाक, खर्ककार्की, मडलक, पवेत, डड़ा, कुलेठी, पुनेठी, छतार, लमाई, भरछाना, चौड़ाराजपुरा, ढकना बडोला, सैदोला, सेलाखोला आदि क्षेत्रों में आलू की गुड़ाई जोरों पर है। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को चंपावत में दो एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बारिश के चलते लोगों को जहां उमस से राहत मिल रही है, वहीं कई स्थानों पर पेयजल संकट से भी राहत मिली है।