अमोड़ी के इसी इंटर कॉलेज में खुलेगा डिग्री कॉलेज।
- फोटो : अमर उजाला
इस शिक्षा सत्र से राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी अस्तित्व में आ जाएगा। इसके लिए बाकायदा शिक्षकों सहित अन्य पदों को स्वीकृति दे दी गई है। फिलहाल जीआईसी के कमरों में ही कक्षाएं संचालित होंगी। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यहां से 29 किलोमीटर दूर अमोड़ी में जिले का छठा राजकीय महाविद्यालय खुलेगा। फिलहाल हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, संस्कृत, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, शिक्षाशास्त्र विषय पढ़ाए जाएंगे। इसके लिए प्राचार्य, सात सहायक प्रोफेसरों सहित कुल 18 पदों को स्वीकृति दी गई है।
अपर मुख्य सचिव एस रामास्वामी के हस्ताक्षरों से 18 मई को शासनादेश जारी किया गया है। 2015 में विधायक हेमेश खर्कवाल ने क्षेत्र के दौरे पर यहां महाविद्यालय खोलने का भरोसा दिलाया था। तब मोबाइल फोन पर ही मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इसे स्वीकृति भी दी थी। कॉलेज के जल्द संचालन होने से लोगों में खुशी है।
अमोड़ी के युवाओं को इंटर से आगे की पढ़ाई के लिए चंपावत, टनकपुर या दूसरे कॉलेज में जाना पड़ता था। नए शिक्षा सत्र से यहां के छात्र-छात्राएं अमोड़ी में ही पढ़ सकेंगे। राजकीय महाविद्यालय खुलने से 12 गांवों को सीधा लाभ होगा। इस क्षेत्र के 20 किलोमीटर के दायरे में सात इंटर कॉलेज हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता दीपक बोहरा का कहना है कि महाविद्यालय खुलने से खटोली तल्ली, खटोली मल्ली, वैला, पचनई, दुधौरी, छतकोट, कोट अमोड़ी, डोला कांडा, घुरचम, पाली, चल्थी, सिलाड़, सूखीढांग, नौलापानी, झालाकुड़ी आदि गांवों के नौजवानों को घर के नजदीक पढ़ाई का मौका मिलेगा। साथ ही लड़कियां भी इंटर के आगे की पढ़ाई कर सकेंगी।