चंपावत में राजस्व विभाग की मासिक बैठक लेते प्रभारी डीएम
- फोटो : अमर उजाला
प्रभारी जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने बाराकोट तहसील में राजस्व वसूली की प्रगति शून्य होने पर संबंधित अमीन का स्पष्टीकरण तलब किया है। शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में उन्होंने रेगुलर एवं राजस्व पुलिस को लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदारों को प्रत्येक माह में कोर्ट लगाकर लंबित राजस्व वादों का निस्तारण करने को कहा।
बैठक में एआरटीओ रश्मि भट्ट ने बताया कि अप्रैल माह में 98.66 लाख की राजस्व प्राप्ति के साथ बिना सीट बैल्ट के पुलिस ने 622 तथा उनके द्वारा 450 वाहनों का चालान किया गया है। जिस पर प्रभारी जिलाधिकारी ने टैक्स डिफाल्टरों से सख्ती से वसूली के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग में बिना नंबरों के वाहनों के कार्य में शामिल होने पर नाराजगी जताई। एसडीएम टनकपुर एवं एआरटीओ को ई-रिक्शा का रूट निर्धारित करने, जोड़ मेले की व्यवस्थाओं के लिए सूखीढ़ांग सहित अन्य स्थानों पर बैरियर लगाने को कहा। बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के तहत राष्ट्रीय एवं राज्य सड़क मार्गों के 200 मीटर की वीडियोग्राफी कराने को भी कहा। इस मौके पर सीमा विश्वकर्मा, अनिल चन्याल, निर्मला बिष्ट, तहसीलदार गोविंद प्रसाद, पूनम पंत, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजन सिंह रौतेला, मनोरथ लखचौड़ा, जेएस राठी, अभिनव कुमार, जीएस किरोला, अशोक कुमार सहित पटल सहायक उपस्थित रहे।
स्कूल बसों का समय समय पर सत्यापन करें
चंपावत। प्रभारी डीएम ने एआरटीओ को स्कूल बसों में हेल्पर की तैनाती और सीसीटीवी स्थापित होने का समय समय पर सत्यापन करने को कहा। उन्होंने टनकपुर-चंपावत के बीच निर्माणाधीन बारहमासी सड़क चौड़ीकरण में मलबे के निस्तारण को लेकर मिल रही शिकायतों का निस्तारण करने को भी कहा।
ओवर रेटिंग पर शराब की दुकानों में छापामारी करें
चंपावत। प्रभारी डीएम ने ओवर रेट शराब की बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों पर शराब की दुकानों में छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी द्वारा अवैध शराब पर केवल 1.31 लाख रुपये की वसूली पर नाराजगी जतायी और छापामार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।