टनकपुर (चंपावत)। मसूरी के इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाले अमेरिका के भाई-बहन पहले लॉकडाउन में मसूरी में फंसे रहे और अब माता-पिता के पास काठमांडू जाने को निकले तो भारत-नेपाल सीमा सील होने से में बनबसा में फंस गए हैं। फिलहाल दोनों को प्रशासन द्वारा टनकपुर के लोनिवि विश्राम गृह में ठहराया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि भारत सरकार से अनुमति मिलने पर उन्हें सीमा पार नेपाल भेजा जाए।
अमेरिकन नागरिक कोलार्डो रिवर रोज और अल्ट्रा वाइलेट भाई-बहन हैं, जो मसूरी के इंटरनेशनल स्कूल बुड स्टाक में पढ़ते हैं। दोनों मार्च माह से लॉकडाउन में वहीं फंसे थे। अनलॉक लागू हुआ तो दोनों मसूरी से अपने माता-पिता के पास काठमांडू जाने को बनबसा सीमा पर पहुंचे, लेकिन यहां सीमा सील होने से उन्हें इमिग्रेशन चेकपोस्ट से आगे नहीं जाने दिया गया। मामला एसडीएम हिमांशु कफल्टिया के संज्ञान में आया तो उन्होंने दोनों विदेशी भाई-बहन को अपने संरक्षण में यहां लोनिवि विश्राम गृह में ठहराया है। एसडीएम ने बताया कि दोनों भाई-बहन वैधानिक तरीके से नेपाल जा रहे थे, लेकिन सीमा सील होने से दोनों देशों के बीच थर्ड कंट्री के नागरिकों की आवाजाही पर पूर्णरूप से प्रतिबंध है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार को रिपोर्ट भेज उन्हें नेपाल भेजे जाने की अनुमति मांगी गई है। वहीं अमेरिका दूतावास को भी इससे अवगत कराया गया है। एसडीएम का कहना है कि एक-दो दिन में भारत सरकार से अनुुमति मिली तो ठीक है, नहीं दोनों को वापस मसूरी भेजने की व्यवस्था की जाएगी।