टनकपुर (चंपावत)। हाईवे पर सेल टैक्स के पास डंपर ने स्कूटी सवार आमबाग की ग्राम प्रधान ललिता खत्री को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार आमबाग की प्रधान ललिता सिंह (43) पत्नी जनक सिंह सोमवार सुबह अपने पति को छोड़ने के लिए बनबसा जा रही थी। उनके पति मुंबई जा रहे थे। वह स्कूटी से जबकि उनके पति आगे अन्य बाइक से जा रहे थे। इस बीच हाईवे पर सेल टैक्स के पास डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्राम प्रधान को तत्काल उप जिला अस्पताल लाया गया जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉ. जितेंद्र जोशी ने बताया कि उनके पैर और हाथ में गंभीर चोटें हैं। इधर, परिजनों ने बताया कि उनका खटीमा के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।