लोहाघाट स्टेशन बाजार में एनएच और जल संस्थान की ओर से की जा रही लीपापोती की जानकारी नगर पालिका अ
लोहाघाट (चंपावत)। व्यापारियों ने एनएच और जलसंस्थान पर प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की संभावनाओं के मद्देनजर स्टेशन बाजार में अधूरे कार्यों को जल्दबाजी में पूरा करने के नाम पर लीपापोती का आरोप लगाया है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। व्यापारियों का कहना था कि एनएच की ओर से स्टेशन बाजार में कई जगह सड़क किनारे नालियों में पटाल रखने का कार्य करीब तीन साल से अधूरा छोड़ा गया था। वहीं जल संस्थान ने नालियों के बीच से पाइपों को सही तरीके से रखने में भी लीपापोती की है।
व्यापारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के बाद डीएम नवनीत पांडे के आदेश पर एनएच और जल संस्थान ने अधूरा कार्य पूरा करना शुरू किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि एनएच नालियों के ऊपर पटाल डालने में लीपापोती कर रहा है। जिसकी शिकायत व्यापारियों ने पालिकाध्यक्ष से की। शिकायत के बाद पालिकाध्यक्ष और ईओ ने कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर दीपक मुरारी, मनोज गर्ग, विवेक ओली आदि मौजूद रहे।