बनबसा (चंपावत)। रेलवे बोर्ड की ओर से जमीन पर फड़ लगाने पर रोक लगाने के बाद बनबसा में कुछ लोगें ने रेलवे किनारे अवैध रूप से तहबाजारी वसूल फड़ लगवा दिए हैं। उन्होंने प्रति फड़ अवैध रूप से तीन-तीन हजार रुपये वसूले गए हैं। कुछ लोगों ने रेलवे प्रशासन और चंपावत जिला प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ उच्च स्तरीय कार्रवाई करने की मांग की है।
बनबसा में रेलवे भूमि पर करीब तीस फड़ वालों से तहबाजारी वसूला गया है। कुछ फड़ कारोबारियों ने बताया कि रेलवे अधिकारियों को रुपये देने की बात कह उनसे फड़ लगाने को रकम वसूली गई है। कुछ लोगों ने इस संबंध में शासन प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच कर फड़ लगाने के लिए अवैध वसूली करने वाले जालसाजों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। रेलवे पीआरओ प्रेमपाल शर्मा ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने फड़ लगाने पर रोक लगा दी है। रेलवे किसी को भी अपनी भूमि फड़ लगाने के नहीं दे रहा है। रेलवे के नाम पर अवैध वसूली करने वालों की जांच कराई जाएगी।