बनबसा में भारत नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग करते एसएसबी जवान।
- फोटो : चंपावत
थर्टी फर्स्ट, नववर्ष और गणतंत्र दिवस आगमन को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है। सीमा के अलावा क्षेत्र की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। साथ ही राष्ट्रीय संपत्तियों, सार्वजनिक संपत्तियों, धार्मिक स्थलों पर पुलिस नजर रख रही है। भारत-नेपाल के बीच आवाजाही करने वालों की सघन तलाशी ली जा रही है।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि थर्टी फर्स्ट, नववर्ष के साथ ही 26 जनवरी को देखते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ाई गई है। पुलिस को बार्डर पर भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया तंत्रों को क्षेत्र के अलावा सीमा की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। कार्यवाहक एसओ गोविंद सिंह ने बताया कि नेपाल सीमा, राष्ट्रीय संपत्तियों के अलावा रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे, होटलों, स्कूलों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस को निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र खड़ायत ने बताया कि एसपी के निर्देश पर बनबसा बैराज के रास्ते भारत-नेपाल आवागमन करने वालों की सघन तलाशी ली जा रही है। एसएसबी 57वीं वाहिनी ई कंपनी के कमांडर आनंद सिंह भंडारी ने बताया कि थर्टी फर्स्ट, नववर्ष और गणतंत्र दिवस को देखते हुए सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। उधर, एसएसबी 57वीं वाहिनी धनुषपुल स्थित ए कंपनी ने भी सीमा पर की पेट्रोलिंग बढ़ाई है।