बनबसा (चंपावत)। अफ्रीकन स्वाइन फीवर के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए राज्य सरकार ने सुअरों को बाहर से लाने, ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। संक्रमण रोकने के लिए सरकार ने निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सुअरों के संपर्क में आने से बचने और सुअर पालकों को किसी अन्य के संपर्क में जाने से मना किया गया है। बनबसा, टनकपुर से सटी नेपाल सीमा पर खासी सतर्कता बरती जा रही है।
स्थानीय पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि ऋषिकेश, पौड़ी में सुअरों में रोग के लक्षण मिलने से पशुपालन विभाग ने राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके तहत राज्य सरकार ने सुअर पालकों को सतर्क किया है। सुअरों के संपर्क से बचने, सुअर पालकों को किसी अन्य के संपर्क में न आने, सुअरों को काटने, मांस खाने, जिले के बाहर से लाने, ले जाने पर रोक लगी है। डॉ. अमित ने बताया कि सुअरों में रोग के लक्षण मिलने पर सुअरों को तुरंत नष्ट किया जाएगा। मानक के मुताबिक संबंधित सुअर पालकों को मुआवजा मिलेगा। नगर निकायों को भी सतर्क कर सुअरों को खुले में न जाने देने के लिए कहा गया है।