रात में अंधकार से जूझ रहा बनबसा का शारदा बैराज।
- फोटो : अमर उजाला
एक पखवाड़े से शारदा बैराज की कटी बिजली अब तक नहीं जोड़ी जा सकी है। इससे ऐतिहासिक बैराज की सुरक्षा खतरे में है। गणतंत्र दिवस के चलते भारत-नेपाल सीमा के अलावा राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है।
29 दिसंबर से बैराज की बिजली कटी है। इससे बैराज के गेटों का संचालन प्रभावित होने के साथ ही सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र खड़ायत ने बताया कि बैराज पर लगे सीसीटीवी बिना बिजली के बंद पड़े हैं। रात में बैराज की सुरक्षा खतरे में है। शारदा हेडवर्क्स कर्मियों के अलावा पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के अलावा अन्य लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यूपीसीएल ने करीब 6.30 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किए जाने को लेकर यूपी सिंचाई विभाग के शारदा बैराज की बिजली 29 दिसंबर को काट दी थी। शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि लोहियाहेड पावर हाउस संचालन को शारदा नहर से ही पानी मुहैया कराया जाता है लेकिन संवेदनशील सीमा पर 15 दिन से बैराज की बिजली नहीं जोड़ी गई है।
उधर, सीओ नरेश चंद ने कहा कि बैराज से भारत-नेपाल के बीच होने वाले आवागमन को देखते हुए सुरक्षा के तहत बैराज की बिजली नहीं काटी जानी चाहिए। रात के समय बैराज की सुरक्षा में लगे पुलिस जवानों और सुरक्षा एजेंसियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर इन दिनों उच्चाधिकारियों ने सीमाक्षेत्र, बैराज, नगर क्षेत्र के अलावा राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग चल रही सघन चेकिंग
बनबसा (चंपावत)। थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल के निर्देश पर इन दिनों भारत-नेपाल सीमा को गणतंत्र दिवस आगमन के चलते हाई अलर्ट किया गया है। सीमा क्षेत्र के अलावा गढ़ीगोठ और जगबूड़ा पुल से लगने वाली यूएस नगर जिले की सीमा, क्षेत्र के पश्चिमी छोर पर बहने वाली हुड्डी नदी क्षेत्र आदि पर गश्त की जा रही है। एसएसबी ने भी भारत-नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ाई है।