किसानों को बाजार मुहैया कराने के लिए जलागम ने पहल शुरू की है। इसके तहत किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए हर रविवार को स्टॉल लगाने की सुविधा दी जाएगी।
रविवार को चंपावत मोटर स्टेशन में कई किसान समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए। एडीएम टीएस मर्तोलिया और एसडीएम अनिल गर्ब्याल ने इन स्टॉलों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ के जैविक श्रेणी के ये उत्पाद आसानी से लोगों को उपलब्ध होने के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में भी मददगार होंगे। जलागम के यूनिट अधिकारी अशोक सिंह अधिकारी ने कहा कि किसानों के हित में जलागम नियमित रूप से हर रविवार को इन स्टॉलों को लगवाएगा।
बिसज्यूला आजीविका संघ खलकंडिया, मां दुर्गा आजीविका संघ सिप्टी, महा उज्ज्वल आजीविका संघ गोशनी, आदर्श आजीविका संघ थुवामौनी ने मडुवा, लाल चावल, गहत, मेथी, सोयाबीन, अदरक, संतरा, मिर्च, मसाला, गेठी, विभिन्न पहाड़ी सब्जियों सहित 20 से अधिक उत्पादों की बिक्री की। इन उत्पादों को लेकर लोगों में इस कदर उत्साह था कि बमुश्किल ढाई घंटे में स्टॉल खाली हो गए।
किसानों की करीब 27 हजार रुपये की बिक्री हुई। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, उपाध्यक्ष दीपक लारा, काश्तकार उमाशंकर जोशी, हरीश भट्ट, दीपक बिष्ट, सुनील राय, प्रदीप चौहान, दीपक कुमार, संजय सिंह, संजीव जोशी, कैलाश सिंह, रमेश भट्ट, शैलेंद्र खर्कवाल, लक्ष्मी खर्कवाल, नवीन पांडेय, ललित कांडपाल, डीके निराला, कुलदीप सिंह आदि मौजूद थे।