लोहाघाट (चंपावत)। प्रशासन की ओर से आयोजित जनसुनवाई के बाद जीआईसी खेल मैदान में लगने वाली हथकरघा प्रदर्शनी पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों के विरोध को देखते हुए रोक लगा दी गई है।
बीते शनिवार को एसडीएम नितेश डांगर की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों, पूर्व सैनिकों, खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने तर्क देकर मेले के आयोजन का विरोध किया। वहीं, ग्राम पंचायत पाटन पाटनी की ग्राम प्रधान प्रशासक जानकी बोरा और कुछ ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का समर्थन कर इसे आयोजित करने की बात कही।
मेला संचालक ताज मोहम्मद ने कहा कि मेले की अनुमति मिलने के बाद ही उन्होंने काफी सामान मंगवाया है। अब यदि मेले का आयोजन नहीं हुआ तो उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। सभी पक्षों को सुनने के बाद एसडीएम ने देर शाम को जारी आदेश में विभिन्न संगठनों के कड़े विरोध, पुलिस की ओर से प्रस्तुत शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका की आख्या, तहसीलदार के आपदा के दृष्टिगत बचाव, राहत कार्य के लिए जीआईसी खेल मैदान को हेलिपैड के रूप में उपयोग करने की भी आख्या का हवाला देते हुए प्रदर्शनी पर रोक का आदेश दिया।
बता दें कि पूर्व में एसडीएम ने जीआईसी खेल मैदान में मेले के आयोजन के लिए अनुमति दी थी। बाद में व्यापारियों और लोगों के विरोध के बाद एसडीएम ने प्रदर्शनी पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद मेला संचालक ने न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय ने एसडीएम को फटकार लगाते हुए अनुमति निरस्त करने के आदेश पर पुनर्विचार करने के निर्देश दिए थे।