देवीधुरा राजकीय डिग्री कॉलेज की नवागत प्राचार्या डॉ. गीता श्रीवास्तव का स्वागत करते छात्र नेता।
- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी (चंपावत)। राजकीय डिग्री कॉलेज देवीधुरा में करीब एक साल से खाली पड़ी प्राचार्य की कुर्सी अब भर गई है। नवागत प्राचार्या डॉ. गीता श्रीवास्तव ने प्राचार्या के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश महरा, कुमाऊं विश्वविद्यालय महासंघ के सचिव चेतन चम्याल सहित कई छात्र नेताओं ने नवागत प्राचार्या का स्वागत किया। कहा कि संस्थाध्यक्ष के आने से कॉलेज के शैक्षिक वातावरण और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर होंगी।
प्राचार्य एएस उनियाल के उपनिदेशक बनने के बाद देवीधुरा से हुए स्थानांतरण से पिछले साल 11 फरवरी से प्राचार्य का पद खाली था। दोहरी जिम्मेदारी होने के कारण इस तबादले से देवीधुरा के साथ ही पाटी राजकीय डिग्री कॉलेज के प्राचार्य का पद भी खाली हो गया था। 2019 में खुले पाटी के राजकीय डिग्री में प्राचार्य का पद स्वीकृत न होने से यहां का जिम्मा भी देवीधुरा के पास है। इस वजह से देवीधुरा में प्राचार्य का पद खाली होने से इन दोनों कॉलेज का जिम्मा देवीधुरा से 43 किमी दूर लोहाघाट के प्राचार्य के पास था। अलबत्ता अब देवीधुरा के अलावा पाटी कॉलेज की व्यवस्था में भी सुधार हो सकेगा।