चंपावत। चार महीने बाद कांग्रेस की चंपावत जिलाध्यक्ष की कुर्सी भर गई है। ये पद उत्तम देऊ के निधन के बाद से इस साल 24 जनवरी से खाली था। कांग्रेस के जिला महामंत्री रहे पूरन सिंह कठायत को नया जिलाध्यक्ष नामित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बुधवार को इस आशय का पत्र जारी किया है। यह मनोनयन 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये पहला मौका है, जब चंपावत ब्लॉक के पर्वतीय हिस्से से अध्यक्ष नामित हुआ है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूरन सिंह कठायत को पार्टी ने जिले की कमान दी है। इससे पूर्व वे 2002 से दस साल तक पार्टी के जिला महामंत्री रह चुके हैं। ग्रामीण सियासत में खासी पकड़ रखने वाले कठायत दो बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा एक बार वे जिला नियोजन समिति के सदस्य भी रहे हैं। अध्यक्ष नामित होने के बाद कठायत ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए संगठन को गांव-गांव तक ताकत दी जाएगी। साथ ही कोविड की जंग में भी कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी से लोगों की मदद को आगे आएंगे।
चंपावत जिले के अब तक के कांग्रेस जिलाध्यक्ष
लक्ष्मण सिंह लमगड़िया (1997 से 2001)
निर्मला गहतोड़ी (2001 से 2011)
मोहन राम (2011 से 2013)
ओंकार सिंह धौनी (2013 से 2017)
उत्तम देऊ (2017 से जनवरी 2021)।
कठायत के जिलाध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में जश्न
चंपावत। पूरन सिंह कठायत के कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने पर यहां कार्यकर्ताओं ने जश्र मनाते हुए माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कहा कि कठायत को संगठन की कमान मिलने से पार्टी को ताकत मिलेगी और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में वह पूरे दमखम से मैदान में उतरेगी। माल्यार्पण करने वालों में नगर पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, उमेश खर्कवाल, सूरज प्रहरी, विकास साह, मयूख चौधरी, चिराग फर्त्याल आदि शामिल थे। मनोनयन पर प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार जताया गया है।