लोहाघाट (चंपावत)। पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों के लिए राजकीय शिक्षक संघ का चॉकडाउन कार्य बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहा। शिक्षकों ने मांगों के समर्थन में तबला, हारमोनियम और ढोलक पर तान छेड़कर गीत के जरिये सरकार को संदेश देकर चेताया।
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश अधिकारी के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में माध्यमिक शिक्षकों ने चॉकडाउन कार्य बहिष्कार जारी रखा। राशिसं के जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। बुधवार को जीआईसी लोहाघाट में माध्यमिक शिक्षकों ने शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर तीसरे दिन भी चॉकडाउन किया। इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रवक्ता श्याम दत्त चौबे ने स्वरचित गीत शिक्षक हुआ लाचार रे, संघर्ष को तैयार रे, ठगती आई सरकार रे, विभाग हुआ मक्कार रे गीत गाकर सरकार को चेताया।
इस दौरान शिक्षक संघ के शाखा अध्यक्ष हरिहर भट्ट, शाखा मंत्री नवीन चंद्र पांडेय, विजय जोशी, विक्रमजीत सिंह चौहान, मोनिका सिंह, दीपक कुमार भट्ट, राजेंद्र गिरी, राजू शंकर जोशी, हेमचंद्र पांडेय, विनोद पांडेय, प्रमोद पाटनी, कैलाश नाथ गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ में भी मांगों पर अडिग रहे शिक्षक, नारेबाजी की
पिथौरागढ़। पदोन्नति और स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग पर सीमांत जिले में भी राजकीय शिक्षक संघ की हड़ताल जारी रही। जिले भर के 1455 राजकीय शिक्षक अध्यापन कार्य से विरत रहे। तीन दिन से बगैर पढ़ाई के बच्चे घर लौट रहे हैं। परेशान अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक पढ़ाएंगे नहीं तो बच्चों का भविष्य कैसे संवरेगा। अभिभावकों का कहना है कि सरकार को शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखकर जल्द ही उचित निर्णय लेना चाहिए। चॉकडाउन हड़ताल में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह रावल, जिला मंत्री देवेश अवस्थी, भूपेंद्र सिंह भंडारी आदि शामिल रहे। संवाद