बरसात थमने के साथ ही बंद सड़क मार्गों के खुलने का क्रम शुरू हो गया है। रीठासाहिब मार्ग 45 घंटे बाद बड़े वाहनों के लिए खुलने से तीर्थयात्रियों को काफी राहत मिली है। यह मार्ग बृहस्पतिवार की शाम बंद हो गया था, जिसे 18 घंटे बाद छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया। चट्टान दरकने से सड़क पर बड़े-बड़े बोल्डर आ गए थे, जिन्हें शनिवार को ब्लास्ट कर तोड़ा गया। उसके बाद बड़े वाहन भी निकल सके। लोनिवि के जेई राजेंद्र सिंह के अनुसार सड़क बड़े वाहनों के लिए यातायात के लिए लगभग तीन बजे खोल दी गई।
उधर बाराकोट-सिमलखेत मोटर मार्ग भी खुल गया है। यहां कई वाहन फंसे हुए थे। लोनिवि वर्ल्ड बैंक डिवजीन के अधिशासी अभियंता सीएल आर्या, शरद कुमार और रमेश जोशी के अनुसार तीन स्थानों में सड़क संवेदनशील बनी हुई है। बाराकोट लिंक मार्ग खोल दिया गया है, जबकि सिरतोली-मंगोली, गल्लागांव-देवलीमांफी, पनियां-रीठाखाल मार्ग अभी बंद हैं। उधर पीएमजीएसवाई की रीठा-परेवा-बिनवालगांव सड़क के डिंग्डा स्थान में रुक-रुककर चट्टान गिरने से यहां राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ है।