पाटी बाजार क्षेत्र में अवैध तरीके से टिनशेड लगाकार बनाई पार्किंग को प्रशासन ने बुलडोजर चला ध्वस
पाटी (चंपावत)। नगर में अतिक्रमण पर राजस्व विभाग और वन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। पाटी स्टेशन में वन पंचायत की भूमि पर कुछ दिन पूर्व टिनशेड लगाकर बनाए गए मकान को मंगलवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। वहीं अवैध तरीके से बनाई जा रही पार्किंग को मिट्टी डालकर पाट दिया गया।
तहसीलदार चंद्र सिंह हरकोटिया ने बताया कि वन पंचायत की ओर से पाटी स्टेशन परिसर के पास कुछ दिन पूर्व वन पंचायत की भूमि में अवैध अतिक्रमण कर टिनशेड से मकान बनाने की सूचना मिली थी। उन्होंने ने बताया कि 10 दिन पूर्व भी प्रशासन की टीम ने माराकुली क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को हटाया था। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रशासन वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से बने मकानों पर भी कार्रवाई करने जा रहा है। वर्तमान में मकानों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान टीम में वन रेंजर एनडी पांडेय, राजस्व उपनिरीक्षक सलमान, एसआई अनंत राणा आदि मौजूद रहे।