चंपावत। पाटी ब्लॉक की मछियाड़ ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने डीएम और सीडीओ को ज्ञापन देकर क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि पर मिलीभगत कर दस बीपीएल परिवारों के राशन कार्ड निरस्त कराने का आरोप लगाया।
सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने मांग की। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि क्षेत्र की क्षेत्र पंचायत टनकपुर में रहती हैं। उनके प्रतिनिधि ने दस बीपीएल राशनकार्ड धारकों के नाम काट कर 25 नए लोगों के नाम बिना ग्राम पंचायत की खुली बैठक के जोड़ दिए हैं। क्षेत्र पंचायत से संबंधित सभी कार्य भी उनके प्रतिनिधि की ओर से फर्जी हस्ताक्षरों से किए जा रहे हैं। ग्रामीण भूपाल सिंह, दीप सिंह, किशन सिंह, हयात सिंह, गणेश सिंह, हेत सिंह, मिलाप सिंह, कुंदन सिह, डुंगर सिंह ने कहा कि उन्होंने दो माह पूर्व क्षेत्र के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की ओर से की जा रही अनियमितता की शिकायत की थी। प्रशासन ने इस मामले में जांच भी बैठाई थी। लेकिन दो माह बीतने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। डीएम एसएन पांडेय ने ग्रामीणों को जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।