हैदराबाद में माता पिता के साथ फाइटर पायलेट बने अभय जोशी।
- फोटो : अमर उजाला
मूलरूप से अल्मोड़ा के बकस्वाड ग्राम निवासी अभय जोशी ने बीते शुक्रवार को भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया। भारतीय वायु सेना से कमीशन प्राप्त कर उन्होंने कामयाबी की इबारत लिखी है।
चंपावत के राजकीय इंटर कॉलेज तामली में अर्थशास्त्र प्रवक्ता देवेंद्र जोशी और राजकीय जूनियर हाईस्कूल सिमियाउरी चंपावत की शिक्षिका पुष्पा जोशी के पुत्र अभय जोशी ने शुक्रवार को भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया। उन्होंने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से शिक्षा प्राप्त की। अभय ने वर्ष 2015 में एनडीए में दाखिला लिया था। इसके बाद उन्होंने एयरफोर्स एकेडमी हैदराबाद से दो वर्षीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता पिता, परिजनों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों को दिया है।
अभय की माता पुष्पा जोशी चंपावत से पूर्व आंबेडकर नगर फागपुर स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापिका थीं। उनके दादा चंद्र दत्त जोशी सर्वोदय राजकीय इंटर कॉलेज जैती अल्मोड़ा से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। अभय की ननिहाल बनबसा के बमनपुरी गांव में हैं।
उसके नाना स्व. राम दत्त भट्ट भारतीय सेना से जेसीओ के पद से सेवानिवृत्त थे। अभय की इस उपलब्धि पर उनकी ननिहाल और बनबसा में खुशी की लहर है।