चंपावत। नगर के तल्ली मादली में किराये पर रह रहे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने रात में पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मोटर मैकेनिक जाकिर अली मूल निवासी चिंतीजरा गांव, सितारगंज (यूएस नगर) का परिवार पिछले कुछ वर्षों से चंपावत में रह रहा है। जाकिर के पांच बेटे और चार बेटियां हैं। पुलिस के अनुसार जाकिर का बेटा युनूस (30) सोमवार को दिनभर कमरे में सोया रहा। देर शाम परिजनों ने जब उसे उठाने का प्रयास किया तो वह बेसुध पड़ा था।
रात करीब 9:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि परिजनों के अनुसार यूनुस को कभी-कभी दाैरे पड़ते थे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। संवाद