लोहाघाट में मकान में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मी। स्रोत: फायर
लोहाघाट (चंपावत)। नगर लोहाघाट में एक मकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग से भवन स्वामी का लाखों रुपये का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड और लोगों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और बड़ा हादसा होने से बच गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
बुधवार सुबह करीब छह बजे पिथौरागढ़ रोड स्थित जगदंबा पुस्तक भंडार के द्वितीय तल पर बने राज्य आंदोलनकारी और अधिवक्ता नवीन चंद्र मुरारी, भास्कर मुरारी और रमेश चंद्र मुरारी के आवासीय भवन के बैठक कक्ष में एकाएक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान, फर्नीचर आदि जल गया। आसपास के लोगों ने मकान से उठती आग की लपटें देख घर के भीतर से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के प्रयास में अधिवक्ता भास्कर मुरारी आंशिक रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी और डीएम मनीष कुमार ने पीड़ित परिवार से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।