टनकपुर के मल्ली छीनी में क्षतिग्रस्त धान की फसल। संवाद
टनकपुर(चंपावत)। खटीमा वन रेंज से सटे छीनीगोठ तल्ली और मल्ली छीनीगोठ में हाथियों का उत्पात बढ़ गया है। हाथियों के झुंड ने गांवों में घुसकर अनेक किसानों की धान की फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की। खटीमा वन रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती ने बताया कि मुआवजे की कार्रवाई और गांव में सोलर फेंसिंग का प्रस्ताव भेजा गया है।
छीनीगोठ तल्ली के ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा ने बताया रविवार रात करीब एक बजे हाथियों का झुंड गांव में घुसा और सुबह तक उत्पात मचाया। गांव में मोहन राम, लखी राम, रमेश प्रसाद समेत अनेक ग्रामीणों की धान की फसल को नुकसान पहुंचा है जबकि मल्ली छीनीगोठ में भी किसान लक्ष्मी प्रसाद, हरीश जोशी की धान की फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने प्रभावित किसानों को मुआवजा और हाथियों के झुंड को गांव में घुसने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। संवाद