टनकपुर (चंपावत)। नेपाल सीमा खुलते ही पहले दिन नेपाली श्रद्धालुओं के जत्थे मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए पहुंचे। करीब चार से पांच हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।
होली के बाद से शुरू हुए मेले में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ना शुरू हो गया। इस बीच लोस चुनाव की चलते श्रद्धालुओं की आवक कम हुई। अब प्रथम चरण के मतदान की समाप्ति के बाद नेपाल सीमा खुल गई है। शनिवार को नेपाल के श्रद्धालुओं की भीड़ रही। ब्रह्मदेव मंडी से होकर खासी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि करीब चार से पांच हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। संवाद
...............
मां पूर्णागिरि के मंदिर में गिरा मिला पर्स श्रद्धालु को लौटाया
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि के मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला श्रद्धालु का नगदी से भरा पर्स गिर गया। पर्स मिलने पर काली मंदिर थाना इंचार्ज देव गोस्वामी ने इमानदारी का परिचय देते हुए करीब तीन किलोमीटर चढ़ाई से उतर कर शाहजहांपुर की श्रद्धालु नीलम को पर्स लौटाया। महिला अपने परिवार के साथ मंदिर में मां के दर्शन को आई थी। महिला ने बताया कि उनके पास मात्र 2706 रुपये थे जो में मंदिर में ही गिर गए। उन्होंने काली मंदिर इंचार्ज का आभार जताया। संवाद
............
नदी में डूब रहे श्रद्धालु को जल पुलिस ने बचाया
टनकपुर (चंपावत)। शारदा घाट में नदी में स्नान करते समय एक और श्रद्धालु डूबने लगा। जल पुलिस की टीम ने नदी में कूदकर उसे डूबने से बचा लिया। दो दिन में जल पुलिस ने दो श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया।
शनिवार को शारदा घाट में स्नान करते समय उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस, कासंगज, मोहल्ला शिंदरा राव निवासी शानी (22) पुत्र संजीव सिंह नदी में डूबने लगा। आसपास के लोगों ने उसे डूबता देख शोर मचाया। घाट पर तैनात गोताखोर रविंद्र कुमार, पीएसी के सुंदर लाल, प्रदीप राय, स्थानीय तैराक सूरज शर्मा ने उसे डूबने से बचा लिया। इधर, शुक्रवार दोपहर बाद भी उत्तर प्रदेश के जिला एटा निवासी अमित श्रीवास्तव (26) को शारदा घाट में स्नान करते समय नदी में डूबने से जल पुलिस ने बचाया। संवाद