पाटी ब्लाक के जनकांडे में घास के लुट्टों में लगी आग।
- फोटो : LOHAGHAT
पाटी/लोहाघाट (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के जनकांडे ग्राम पंचायत के सीलिंग गांव में घास के लुट्टों में आग लग गई। आग लगने से हजारों रुपये का नुकसान हो गया है। अग्निकांड से पीड़ित ग्रामीण रतन सिंह के सम्मुख पशु चारे की समस्या पैदा हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
बुधवार देर रात को रतन सिंह माहरा के घास के सात लुट्टों में आग लग गई। देखते ही देखते लुट्टे आग की भेंट चढ़ गए। ग्रामीणों ने आग को बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की, लेकिन ग्रामीण घास में लगी आग को बुझाने में असफल रहे। अग्नि कांड में रतन सिंह को करीब 25 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हो गया है। अब उसके पास जानवरों को खिलाने के लिए घास भी नहीं बची है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। (संवाद)