कोलीढेक में रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग को बुझाने के बाद निरीक्षण करते फायर कर्मी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। ग्राम पंचायत कोलीढेक में चाय बनाते समय एक व्यक्ति के रसोई गैस सिलिंडर में आग लग गई। जिससे अफरा तफरी मच गई। गृह स्वामी ने साहस का परिचय देकर जलते गैस सिलिंडर को घर से बाहर फेंक दिया। सूचना मिलते ही लोहाघाट की फायर टीम ने मौके में जाकर आग पर काबू पाया।
बुधवार को कोलीढेक निवासी नाथ सिंह पुत्र गोपाल सिंह के रसोई गैस में चाय बनाते वक्त गैस सिलिंडर में अचानक आग भड़क गई। सिलिंडर में आग लगने की जानकारी मिलने पर परिजन घबरा गए। गृह स्वामी ने हिम्मत दिखाते हुए जलते हुए सिलिंडर को रसोई से बाहर फेंक दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही एफएसओ चंदन राम के दिशा निर्देशन में लीडिंग फायरमैन मोहन सिंह थापा के नेतृत्व में फायर टीम दल बल के साथ नगर से करीब साढ़े तीन किमी दूर घटना स्थल में पहुंच गई।
फायर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिलिंडर में पानी डालकर उसे ठंडा कर कूलिंग मैथड से आग पर काबू किया गया। थापा ने बताया कि गैस सिलिंडर में रिसाव के चलते उसमें आग लग गई थी। फायर टीम ने लोगों को आगजनी की घटनाओं से निपटने के टिप्स बताए। कंबल या बोरी को गीला कर सिलेंडर में अच्छी तरीके से लपेट देने से आग बुझ जाती है। फायर टीम में एलएफएम नरेंद्र प्रसाद, भैरव सिंह, श्याम सिंह, भूपेंद्र सिंह, चंचल सिंह, हरीश सिंह चम्याल आदि शामिल थे। संवाद