पाटी के समीप छिनकाछीना में सड़क में पलटी बोलेरो।
- फोटो : अमर उजाला
कूंण से पाटी की ओर आ रही बोलेरो कार छिनकाछीना के पास के सड़क पर पलटने से एक यात्री घायल हो गया, जबकि कार में सवार चालक सहित छह लोग बाल-बाल बच गए। घायल का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में इलाज किया गया।
बृहस्पतिवार को दिन में 12 बजे कूंण से पाटी को आ रही बोलेरो (यूके03 टीए- 0776) छिनकाछिना के पास बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में पाटी के नीरज सिंह पुत्र छत्तर सिंह चोटिल हो गया था। वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने घायल नीरज को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.आभाष सिंह ने घायल का प्राथमिक उपचार कर अस्पताल से छुट्टी दे दी।
कीचड़ व मलबे से पटी है सड़क
पाटी ब्लाक मुख्यालय में कूंण, मैरोली, झलकपुर, भुम्वाड़ी, बड़ेत आदि स्थानों के लिए मैरोली-पाटी सड़क मार्ग से आते हैं, लेकिन इस मार्ग पर न्यू कालोनी में 20 मीटर सड़क कीचड़ और मलबे से लबालब भरी हुई है। इन दिनों बारिश से इस मार्ग पर पानी के तालाब बने हुए हैं। मार्ग पर कीचड़ होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक चार किमी दूर छिनकाछीना-मैरोली कच्चे सड़क मार्ग से आना पसंद कर रहे हैं। न्यू कालोनी के हरीश चंद्र, शंकर पंत, महेश सिंह, लक्ष्मण चंद्र, विनोद गहतोड़ी, दीपक चंद्र आदि का कहना है कि सड़क में कीचड़ से निजात दिलाने की कई बार जानकारी देने के बाद भी प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया।