चंपावत। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित तामली मल्टी विलेज पंपिंग पेयजल योजना के लिए 14.57 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। योजना धरातल पर उतरते ही क्षेत्र के कई गांवों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगेगा। लंबे समय से पानी की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
चंपावत ब्लॉक के ग्राम पंचायत तामली, पोलप, बचकोट और नाग समेत अन्य गांव में समय से पानी की समस्या बनी रहती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जल्द गांवों में नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंच सके इसके लिए घोषणा की थी। प्रस्तावित तामली मल्टी विलेज पंपिंग पेयजल योजना के तहत 14.57 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। योजना धरातल पर उतरते ही क्षेत्र के 400 से अधिक परिवारों को पेयजल योजना का लाभ मिलेगा। आधुनिक लिफ्ट (पंपिंग) के माध्यम से ऊंचाई पर बसे गांव के हर एक परिवार तक पानी पहुंचेगा। योजना के तहत वर्तमान में संचालित पेयजल योजना को भी सुधारा जाएगा।
मेन लाइन का भी होगा विस्तार
उत्तराखंड पेयजल निगम योजना के तहत निर्माण कार्य करेगा। पंपिंग प्रणाली के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न गांवों तक पेयजल पहुंचेगा इससे लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का समाधान होगा। वर्तमान 0.68 किमी लंबी राइजिंग मेन लाइन को बढ़ाकर 4.38 किमी किया जाएगा। 4.18 किमी की सप्लाई मेन लाइन को विस्तारित कर 7.80 किमी तक किया जाएगा। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि योजना का निर्माण पूरा होने के बाद जल वितरण प्रणाली अधिक सशक्त, प्रभावी एवं टिकाऊ बनेगी।