जिले का प्रवेशद्वार बनबसा क्षेत्र अतिक्रमण का गढ़ बन चुका है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर खेती के साथ ही घर भी बनाए जा चुके हैं। 106 हेक्टेयर वन क्षेत्र में 445 परिवारों ने अतिक्रमण किया है।
आठ ग्राम पंचायतें और नवगठित नगर पंचायत वाला बनबसा अतिक्रमणकारियों के लिए बेहद मुफीद है। रोजगार विहीन इस क्षेत्र में काफी संख्या में बाहरी लोगों ने सरकारी जमीन घेरकर अतिक्रमण कर लिया है।
राजस्व उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के मुताबिक 813.101 हेक्टेयर भूमि पर खेती की जाती है, जिस पर लगान वसूला जाता है।
अतिक्रमण कर 24.636 हेक्टेयर वन भूमि में बिना लगान खेती हो रही है। भजनपुर, चंदनी, फागपुर, भैंसाझाला, गढ़ीगोठ, चूनाभट्टा, बमनपुरी, मीनाबाजार क्षेत्र में 106 हेक्टेयर वन भूमि पर 445 परिवारों ने अतिक्रमण किया है।
वन क्षेत्राधिकारी टीएस शाही का कहना है कि कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पूर्व फौजी अतिक्रमण को सुरक्षा के लिए खतरा मानते हैं, जबकि प्रशासन अतिक्रमण से बेखबर है।