चंपावत। पाटी विकासखंड में मैरोली से करौली को जोड़ने वाली मोटर मार्ग में रतिया नदी पर 30 मीटर लंबा पुल बनेगा। इसके लिए शासन से 237.96 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। पुल बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बरसात के दौरान रतिया नदी के कारण होने वाली आवाजाही की दिक्कतों से लोगों को राहत मिलेगी।
पाटी ब्लॉक में मैरोली से करौली को जोड़ने वाले मोटर मार्ग से निलौटी, छौड़ागांव, सकदेना, बालातड़ी, खेत, मेरौली समेत अन्य गांवों की करीब 1500 की आबादी आवाजाही करती है। ग्रामीण लंबे समय से रतिया नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला भम्रण के दौरान रतिया नदी पर पुल बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई थी।
शासन से परियोजना को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। साथ ही धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवाजाही में राहत मिलेगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिले में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वीकृत परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनसामान्य को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।