चंपावत। नगर निकाय के रिटायर हो चुके कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) की रकम पाने को पापड़ बेलने को मजबूर हैं। इस मामले को शनिवार को संसदीय सचिव हेमेश खर्कवाल ने मुख्यमंत्री के सामने उठाया।
टनकपुर सहित कई नगर पालिकाओं के सेवानिवृत्त कर्मियों को भविष्य निधि का लंबे समय बाद भुगतान नहीं हो पाया है। इसे लेकर कुछ हफ्ते पूर्व कर्मियों ने टनकपुर में पांच दिन तक धरना और तालाबंदी की थी। कोई समाधान न निकल पर निकाय कर्मी टनकपुर में विधायक और संसदीय सचिव हेमेश खर्कवाल से मिले थे।
शनिवार को श्री खर्कवाल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रिटायर्ड कर्मियों को पीएफ का भुगतान नहीं होने की जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नगर विकास सचिव को तत्काल आंशिक भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष धनराशि को भी जल्द से जल्द अदा करने को कहा।