चंपावत। मंगलवार सुबह से लगातार बारिश ने जन-जीवन को ही प्रभावित नहीं किया बल्कि जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन को भी खटाई में डाल दिया। गोरलचौड़ मैदान में मंगलवार से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता होनी थी। प्रतियोगिता का शुभारंभ तो किसी तरह हो गया और इंडोर कार्यक्रम भी करा लिए गए, लेकिन बिना रुके जारी बारिश ने खेलकूद स्पर्धाओं पर ग्रहण लगा दिया। दौड़ सहित एक भी खेल स्पर्धा नहीं हो सकी।
मंगलवार ही नहीं दूसरे दिन बुधवार को भी गोरलचौड़ मैदान में पानी भरा रहा। खेल समन्वयक प्रदीप बोहरा ने बताया कि खेलों की ये तमाम स्पर्धाएं मौसम ठीक रहने पर 16 अक्तूबर को कराई जाएंगी। इस प्रतियेागिता के आधार पर बनाई जाने वाली जिले की टीम 28 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक रुद्रपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।