चंपावत। सीमांत तामली तल्लादेश क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के विरोध में जनप्रतिनिधि 22 सितंबर को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। सीमांत तामली में आठ माह से एएनएम की तैनाती न होने से गर्भवती महिलाओं और शिशुओं का टीकाकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। टीका लगवाने के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। इस संबंध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की ओर से पूर्व में सीएमओ को ज्ञापन सौंपा गया था।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य हेमा जोशी, पूर्व प्रधान विपिन जोशी, राजेश पांडेय, मदन पांडेय, प्रहलाद सिंह, महा सिंह, भुवन जोशी आदि का कहना कि पूर्व में चेतावनी देने के बाद भी विभाग की ओर से यहां एएनएम की तैनाती नहीं की है। जिस कारण उनके पास तालाबंदी करने के सिवा कोई चारा नहीं है। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एचसी चंद्रा का कहना है कि तामली के लिए एएनएम क्षमा वर्मा को नियुक्त किया गया था, लेकिन उनके चार्ज न लेने से स्थिति गड़बड़ा गई है। एएनएम के वेतन रोकने के निर्देश देने के साथ ही नई एएनएम की तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं।