चंपावत। राजकीय शिक्षक संगठन की ओर से दो दिनी चॉक डाउन हड़ताल के बाद अब 22 सितंबर को स्कूलों और ब्लाक संसाधन केंद्रों खंड शिक्षाधिकारी कार्यालयों में तालाबंदी करने का ऐलान किया है। गढ़वाल मंडल की तरह कुमाऊं मंडल के शिक्षकों को भी 10 वर्ष की सेवा पर चयन वेतनमान का लाभ देने और साल में 22 दिन का उपार्जित अवकाश दिए जाने समेत 14 सूत्री मांगों को लेकर राजकीय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों का आंदोलन जारी है।
लोहाघाट में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आनंद ओली की अध्यक्षता और प्रकाश उपाध्याय के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। बैठक में जिला उपाध्यक्ष पान सिंह मेहता, ब्लाक अध्यक्ष दीपक अधिकारी, नरेश राय, एलएस सामंत, जगदीश अधिकारी, नरेश बिनवाल, इंद्र लाल वर्मा आदि मौजूद थे। बैठक के बाद शिक्षकों ने नारेबाजी भी की।