चंपावत। टनकपुर तहसील में कार्यरत अनुसेवक के नियम विरुद्ध स्थानांतरण के विरोध में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी महासंघ ने कड़े तेवर दिखाए हैं। इस मामले को लेकर बुधवार को महासंघ के एक शिष्टमंडल ने डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि टनकपुर तहसील के अनुसेवक देव सिंह बिष्ट को एसडीएम की ओर से पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर एकतरफा पाटी तहसील के लिए कार्यमुक्त किया गया है। इस संबंध में महासंघ की ओर से डीएम के साथ द्विपक्षीय वार्ता की मांग उठाई गई। साथ ही द्विपक्षीय वार्ता न होने की सूरत में 29 जुलाई से धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
महासंघ अध्यक्ष ईश्वरी दत्त गहतोड़ी, महामंत्री प्रेम राम टम्टा, कर्मचारी नेता जीवन चंद्र ओली, दीवान बिष्ट, गिरधारी नाथ, रमेश नाथ, भुवन उप्रेती, दीवान भंडारी आदि का कहना था कि राज्य सरकार की ओर से समूह घ के कार्मिकों के स्थानांतरण के लिए वार्षिक स्थानांतरण नीति के अनुसार गठित समिति के माध्यम से तबादला किए जाने का आदेश है, लेकिन एसडीएम टनकपुर की ओर से एकतरफा कार्रवाई कर अनुसेवक का उत्पीड़न किया है, जबकि अनुसेवक के साथ ही एक वाहन चालक के नियम विरुद्ध किए गए स्थानांतरण को स्थगित कर दिया गया है।