टनकपुर। शारदा के कटाव से सुरक्षा को बंधा निर्माण में की जा रही देरी से गुस्साए शारदा चुंगी कालोनी के लोग सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने बैराज मार्ग में एक घंटा चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। सिंचाई विभाग के जेई द्वारा एक सप्ताह के अंदर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के आश्वास पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
जून में बूम से लेकर शारदा स्नानघाट तक शारदा के जल सैलाब से खासी तबाही मचाई। कई एकड़ कृषि भूमि का कटाव होने के साथ ही सैकड़ों परिवार बाढ़ की गिरफ्त में आए थे। वहीं दो दर्जन से अधिक पक्के मकान और कच्चे झाल नदी में समां गए थे। नदी का कटाव रोकने को सिंचाई विभाग ने 66 मीटर और 54 मीटर के दो स्परनुमा बंधा निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है, मगर बजट मंजूर नहीं होने से अब तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। कटाव की जद में आए लोग बंधा निर्माण की मांग कर रहे लोग सोमवार को सभासद जया देवी के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए। शारदा चुंगी गेट पर चक्का जाम कर वे वहीं धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी तहसीलदार ख्याली राम, सिंचाई विभाग के जेई आरके यादव ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर एक सप्ताह के अंदर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। प्रदर्शन में मीना सागर, सियाराम, जोगेंद्र सिंह, राकेश सक्सेना, सुभाष सागर, लीलाधर जोशी, रुद्रमणी जोशी, पवन पांडेय, अशोक मुरारी, धर्मानंद जोशी, दीपक जोशी, प्रदीप कुमार आदि शामिल थे।