चंपावत। चंपावत में कई स्वीकृत सड़कों की राह कठिन हो रही है। इन निर्माणाधीन रोडों के काम में रुकावट की वजह निर्माण सामग्री की कमी होना है। सड़क निर्माण के लिए लोनिवि डिवीजन के तहत क्वारी (पत्थर की खान) नहीं है। इसका असर रोड निर्माण की प्रगति पर पड़ रहा है।
लोनिवि चंपावत डिवीजन के अंतर्गत एक भी क्वारी नहीं है। क्वारी से मिलने वाला पत्थर सड़क के डामरीकरण में प्रयुक्त होता है, लेकिन क्वारी नहीं होने से विभागीय निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। कई काम अटक गए हैं, तो कुछ की गति बेहद धीमी हो गई है। लोनिवि के चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता बीसी पंत का कहना है कि डिवीजन के अंतर्गत एक भी विभागीय क्वारी अनुमोदित नहीं है। क्वारी को लेकर विभाग का कोई प्रस्ताव भी नहीं है। निर्माण कार्य संबंधित ठेकेदार रवन्ने के माध्यम से करते हैं। अलबत्ता ईई का कहना है कि क्वारी की कमी सड़क के कार्य पर असर डाल रही है।