चंपावत। जिले में नया उप डाकघर जल्द अस्तित्व में आएगा। इस केंद्र को मंजूरी मिल चुकी है और अगले तीन सप्ताह में ये डाकघर बाकायदा काम करने लगेगा।
पिथौरागढ़ के डाक अधीक्षक (एसपी) आरएस तोमर ने बताया कि पाटी में उप डाकघर स्वीकृत हो गया है। इस केंद्र को केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय का अनुमोदन प्राप्त हो गया है। डाकघर के लिए भवन की तलाश की जा रही है। ये उप डाकघर इस माह के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा। एसपी तोमर का कहना है कि इस उप डाकघर में चिट्ठी-पत्री, डाक टिकट, सावधि जमा, एनएससी आदि सभी कार्य किए जाएंगे।
जिले का यह सातवां केंद्र होगा। इससे पूर्व चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट, देवीधुरा, खेतीखान और चंपावत कलक्ट्रेट में यह केंद्र है। विकासखंड और तहसील मुख्यालय होने के बावजूद पाटी में अभी तक कायदे की डाक सेवा की सुविधा नहीं थी। इस उप डाकघर के खुलने से इस कमी की पूर्ति हो सकेगी। और लोगों को असुविधा से निजात मिलेगी।