लोहाघाट। राज्य सहकारिता परिषद के उपाध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी ने पनार घाटी क्षेत्र के गांवों का दौरा कर जनसमस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सीधे फोन पर वार्ता कर समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण भी किया। मटियाल, फिरकोला, गुदखोला, सूंगरखाल, पांच पीपल, भनार आदि गांवों में लोगों ने आधार कार्ड के लिए हो रही दिक्कतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों का आधार कार्ड बर्दाखान में बनाया जाएगा। उन्होंने मटियाल-चूलागांव-सूंगरखाल सड़क के सर्वे के लिए पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि बगैर आधार कार्ड बने उन्हें रसोई गैस सुविधा मिलती रहेगी। साथ ही निकट भविष्य में उन्होंने गैस सुविधा का और ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार करने का भी आश्वासन दिया।