टनकपुर। बिजली उपभोक्ताओं को अब पानी खींचने को घरों में लगाए गए टुल्लू पंप चलाने को कामर्शियल कनेक्शन लेना होगा, वरना विभाग न सिर्फ पंप जब्त कर लेगा बल्कि उपभोक्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी। विभाग ने बकाया बिलों की वसूली को भी अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विभाग ने डेढ़ दर्जन से अधिक बकायादारों के कनेक्शन काटे।
बिजली की चोरी रोकने तथा बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने गंभीर रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसके लिए विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को अधीशासी अभियंता चंदन सिंह बस्नेत के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बाजार क्षेत्र के अलावा उचौलीगोठ, गैंड़ाखाली, मोहनपुर, ज्ञानखेड़ा, थ्वालखेड़ा, बोरागोठ आदि गांवों में कनेक्शनों की चे्किंग की तथा डेढ़ दर्जन से अधिक बकायदारों के कनेक्शन काट दिए। अधीशासी अभियंता बस्नेत ने बताया कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी खिंचने के लिए लोग टुल्लू पंप का उपयोग कर रहे हैं जो गैर कानूनी है। पंप चलाने के लिए उपभोक्ताओं को अलग से कामर्शियल कनेक्शन लेना होगा। एसडीओ अजीत कुमार यादव ने बताया कि इसके लिए पूरे जिले में 29 नवंबर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। लोड खींचने को स्टेप्लाइजर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई होगी। चेकिंग दल में अधीशासी अभियंता एवं एसडीओ के अलावा अवर अभियंता राकेश पांडेय तथा संबंधित क्षेत्र के लाइनमैन शामिल थे।