बनबसा। विवेकानंद मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट में स्टेडियम बी तथा छिनकी क्लब की टीमों ने मुकाबले जीत प्रतियोगिता के अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है। मैच का शुभारंभ पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन मित्तल ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से आपसी सौहार्द की भावना से खेलने की प्रेरणा दी।
विज्ञापन
स्वामी विवेकानंद मेमोरियल समिति के तत्वावधान में यहां मिनी स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट में दो मुकाबले हुए। पहला मुकाबला स्टेडियम बी तथा पूर्णागिरि इंटर कालेज की टीम के बीच खेला गया। जिसमें स्टेडियम बी ने इंटर कालेज की टीम को 2-0 से पराजित किया। दूसरा मैच छिनकी क्लब तथा सैलानीगोठ क्लब के बीच खेला गया। निर्धारित समय में मुकाबला बराबर रहने पर पेनल्टी शूट आउट का मौका दिया गया, जिसमें छिनकी क्लब ने सैलानीगोठ को 5-4 से शिकस्त दी। मैच के निर्णायक राकेश चंद तथा लाईनमैन करन चंद एवं नरेश थे। मैच आंखो देखा हाल कमलेश भट्ट एवं अन्ना ने सुनाया। इस मौके पर आयोजक समिति की संरक्षिका हेमा जोशी, खेलप्रेमी उत्तम चंद, गणेश, दीप चंद्र जोशी आदि मौजूद थे।