चंपावत। प्राथमिक शिक्षक संगठन के 14 मई से होने वाले मंडलीय अधिवेशन में शिरकत करने के लिए जिले के शिक्षक हल्द्वानी रवाना हो गए हैं। हल्द्वानी रवाना होने से पूर्व रविवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा एवं महामंत्री देवीदत्त जोशी ने बताया कि वन प्रशिक्षण केंद्र हल्द्वानी में आयोजित होने वाले मंडलीय अधिवेशन के पहले सत्र में शैक्षिक गुणवत्ता एवं शिक्षकों की समस्याओं पर विचार-विमर्श होगा, जबकि दूसरे सत्र में मंडलीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया जाएगा।
हल्द्वानी रवाना होने से पूर्व उत्तम फर्त्याल, योगेश चतुर्वेदी, कैलाश फर्त्याल, नरेंद्र अधिकारी, एसएस मौनी, रमेश जोशी, मुन्नी नेगी, दिवाकर भट्ट, सुरेश शर्मा एवं बंशीधर थ्वाल आदि शिक्षकों ने कहा कि अधिवेशन में स्थानांतरण नीति को पारदर्शी बनाए जाने तथा सुगम एवं दुर्गम विद्यालयों के मानक बदले जाने एवं ग्रेड पे के संबंध में स्पष्ट नीति निर्धारित किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा मंडलीय कार्यकारिणी के माध्यम से सरकार पर उन्हें लागू करने का दबाव भी बनाया जाएगा।