चंपावत। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए 959 बच्चों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। जिले में इस बार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए 700 सीटें निर्धारित की हैं। विभाग के मुताबिक आवेदन की प्रक्रिया छह अप्रैल तक चलेगी।
चंपावत जिले में आरटीई के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 मार्च से शुरू कर दी गई थी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक बृहस्पतिवार तक जिले भर से 959 आवेदन मिले हैं। यह प्रक्रिया छह अप्रैल तक चलेगी।
इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवेदन पत्रों और संबंधित दस्तावेज जमा किए जाएंगे जिनकी बाद में जांच की जाएगी। 17 अप्रैल को राज्य स्तर पर लॉटरी प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद निजी स्कूलों की ओर से बच्चों की सूची अपलोड की जाएगी जिसके बाद उन्हें स्कूलों में प्रवेश मिलेगा।
प्रभारी सीईओ मान सिंह का कहना है कि निजी स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि दो अप्रैल से बढ़ाकर छह अप्रैल तक की गई है। वेबसाइट के माध्यम से अभिभावक ने बच्चों के प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आरटीई में प्रवेश की तिथि छह अप्रैल तक बढ़ी
पिथौरागढ़। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई ) के तहत निजी स्कूलों में छह अप्रैल तक प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। सीईओ तरुण कुमार पंत ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया 24 मार्च से प्रारंभ की गई। आवेदन की अंतिम तिथि विस्तारित कर छह अप्रैल की गई है। इससे पूर्व अंतिम तिथि दो अप्रैल तय की गई थी। उन्होंने संंबंधित विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन करने की अपील की है। संवाद