टनकपुर (चंपावत)। चुनाव पर्यवेक्षक एसके खान ने नेपाल सीमा से लगे थपलियालखेड़ा मतदान केंद्र का निरीक्षण कर संवेदनशीलता का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्र की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए।
लोकसभा चुनाव को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने, आदर्श चुनाव आचार संहिता की स्थिति देखने मंगलवार को पहुंचे चुनाव पर्यवेक्षक खान ने एसडीएम दयानंद सरस्वती, सीओ नरेश चंद और कोतवाल चंद्रमोहन सिंह के साथ तीन छोर से नेपाल सीमा से घिरे थपलियालखेड़ा गांव के संवेदनशील मतदान केंद्र का जायजा लिया।
उन्होंने थपलियालखेड़ा मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्र की सुरक्षा आदि के बारे में जानकारी ली। थपलियालखेड़ा मतदान केंद्र में पहुंचने के लिए उन्हें लकड़ी पर चलकर नाला पार करना पड़ा।
पर्यवेक्षक खान बुधवार को अन्य संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए जिला मुख्यालय चंपावत को रवाना होंगे।