टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-बनबसा गौरव सेनानी कल्याण समिति ने सेना की सीएसडी कैंटीन से पूर्व सैनिकों को तीन माह से लीकर न मिलने पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार कर लीकर कोटे के अनुरूप लीकर उपलब्ध कराने की मांग की है। स्टेशन कमांडर और जनरल आफिसर कमांडिंग हेड सब एरिया देहरादून को लिखे पत्र में समिति के अध्यक्ष रिटायर्ड कै. भानी चंद ने कहा है कि सीएसडी कैंटीन प्रबंधन की ओर से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को पिछले तीन-चार माह से लीकर नहीं मिल रही है।
इससे लीकर लेने दूर-दराज से कैंटीन आ रहे पूर्व सैनिकों और आश्रितों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। कैंटीन प्रबंधन से पूछने पर बताया जा रहा है कि पर्याप्त मात्रा में लीकर कोटा नहीं मिल पाने से यह समस्या पैदा हो रही है। समिति अध्यक्ष कै. चंद ने कहा कि पूर्व में भी पत्राचार किए जाने के बावजूद पूर्व सैनिकों की इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने उचित कार्रवाई कर पूर्व सैनिकों की समस्या दूर करने का आग्रह किया है।