टनकपुर (चंपावत)। हाथियों के झुंड ने बृहस्पतिवार तड़के बस्तिया गांव में चार किसानों की गेहूं की फसल रौंद दी है। ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड की आए दिन दस्तक और वन विभाग की ओर से कोई कारगर कदम नहीं उठाए जाने पर रोष व्यक्त किया है।
पूर्व ग्राम प्रधान सरोज देवी ने बताया कि तीन हाथी बस्तिया गांव में पहुंचे और गंगा दत्त जोशी, हरी दत्त जोशी, अंबा दत्त और नारायण दत्त जोशी के खेतों में उत्पात मचाकर करीब चार बीघा गेहूं की फसल रौंद दी। हाथियों के खेतों में घुसने के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर उन्हें भगाने की कोशिश की लेकिन हाथी टस से मस नहीं हुए।
सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्राम प्रधान नवीन सिंह, समाजसेवी हरीश लापड़ आदि ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों की दस्तक रोकने को वन विभाग ने जल्द सेंसरयुक्त सोलर हुटर लगाने की बात कही थी लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से जल्द गांवों में वन्यजीवों के प्रवेश को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।