बनबसा (चंपावत)। सेना छावनी स्थित सीएसडी कैंटीन की अव्यवस्थाओं पर पूर्व सैनिकों ने रोष जताया है। उन्होंने कैंटीन में योग्य, कर्मठ, ईमानदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती करने और स्टाफ बढ़ाने को कहा है।
बनबसा सेना छावनी स्थित सीएसडी कैंटीन में पूर्व सैनिकों को घंटों लाइन में खड़े होने के बाद बिना सामान लिए वापस जाना पड़ रहा है। गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद ने सेना छावनी के प्रशासनिक अधिकारी 22 सिख रेजीमेंट के कर्नल एके सिंह को ज्ञापन सौंपकर पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।
उधर, चंपावत के अलावा ऊधम सिंह नगर जिले के पूर्व सैनिकों ने भी जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती की मांग की है। कहा है कि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वह आंदोलन करेंगे।