चंपावत। छतार में निर्माणाधीन भाजपा के जिला कार्यालय भवन का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। एसडीएम की जांच के दौरान निर्माण को पांच जुलाई से रोक दिया गया था। इस बीच, हल्द्वानी स्थित प्राधिकरण से सशर्त अनुमति मिल गई है। निर्माण से पूर्व दो शर्तें पूरी करनी थी। लेकिन, ये शर्तें अभी पूरी नहीं हो सकी हैं।
तीन किमी दूर छतार में 2 नाली 11 मुट्ठी जमीन में भाजपा के जिला कार्यालय भवन का पिछले कुछ समय से काम चल रहा था। कुछ शिकायतें मिलने के बाद तत्कालीन डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने 4 जुलाई को जांच के आदेश दिए थे। जांच अधिकारी उप जिला मजिस्ट्रेट सीमा विश्वकर्मा ने अतिक्रमण के आरोपों को गलत पाया था।
कहा था कि निर्माण नाप जमीन पर हो रहा था। अलबत्ता, भवन निर्माण के लिए जरूरी नक्शा पास नहीं किया गया था। अब हल्द्वानी प्राधिकरण से नक्शा पास करा लिया गया है। मगर निर्माण कार्य शुरू कराने से पूर्व एनएच खंड से अनापत्ति और एसडीएम की रिपोर्ट ली जानी जरूरी है। एसडीएम का कहना है कि अभी ये दो अनापत्तियां नहीं ली गई है।